पोल्ट्री फार्म सब्सिडी- हाइलाइट्स
- राष्ट्रीय पशुधन मिशन में मुर्गी पालन प्रोजेक्ट की कुल लागत का 50 फीसदी तक सब्सिडी मिलती है.
- सब्सिडी की अधिकतम सीमा 25 लाख रुपये बताई गई है.
- आवेदक की उम्र कम से कम 18 साल और भारतीय होना जरूरी है.
- व्यक्तिगत उद्यमी, SHG, FPO, JLG और धारा 8 कंपनियां पात्र हैं.
- आवेदन और दस्तावेज अपलोड पूरी तरह ऑनलाइन पोर्टल से होते हैं.
Poultry Farming Loan: पोल्ट्री फार्म खोलने की योजना बना रहे किसान और उद्यमी राष्ट्रीय पशुधन मिशन (NLM) के तहत लोन और सब्सिडी के लिए आवेदन कर सकते हैं. मुर्गी पालन प्रोजेक्ट की कुल लागत का करीब 50 फीसदी तक कैपिटल सब्सिडी मिल सकती है, जो अधिकतम 25 लाख रुपये तक है. आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के जरिए होता है.
सरकारी और प्राइवेट, दोनों तरह के बैंक मुर्गी पालन के लिए लोन देते हैं. यहां बात सिर्फ NLM की है, जिसका नोडल मंत्रालय भारत सरकार का पशुपालन और डेयरी विभाग (DAHD) है.
पोल्ट्री फार्म सब्सिडी योजना एक नजर में
| जानकारी | डिटेल |
|---|---|
| योजना | राष्ट्रीय पशुधन मिशन (National Livestock Mission, NLM) |
| नोडल मंत्रालय | पशुपालन और डेयरी विभाग (DAHD), भारत सरकार |
| कितनी सब्सिडी | कुल प्रोजेक्ट लागत का 50% कैपिटल सब्सिडी, अधिकतम 25 लाख रुपये |
| बाकी 50% राशि | बैंक ऋण या आवेदक के अपने योगदान से |
| किसे मिलेगा | व्यक्तिगत उद्यमी, SHG, महिला सहकारी समिति, JLG, FPO, धारा 8 कंपनियां |
| मुख्य फोकस | ब्रीडर फार्म, हैचरी और बैकयार्ड पोल्ट्री डेवलपमेंट |
| कैसे अप्लाई करें | ऑनलाइन, www.nlm.udyamimitra.in पर |
सब्सिडी का हिसाब कैसे लगता है?
सब्सिडी प्रोजेक्ट की कुल लागत के आधार पर तय होती है. उदाहरण के तौर पर 50 लाख रुपये के प्रोजेक्ट पर 50 फीसदी यानी करीब 25 लाख रुपये तक सब्सिडी मिल सकती है. ऐसे में आवेदक को बाकी करीब 25 लाख रुपये का इंतजाम करना होगा.
यह उदाहरण समझाने के लिए है, पक्की गारंटी नहीं. नियम और शर्तें लागू हैं, जो योजना की आधिकारिक वेबसाइट या लोन देने वाले बैंक से मिल सकती हैं.
मुर्गी पालन लोन के लिए कौन पात्र है?
आवेदक भारतीय होना चाहिए और उसकी उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए. व्यक्तिगत उद्यमी आवेदन कर सकते हैं. इनके अलावा स्वयं सहायता समूह, महिला सहकारी समिति, संयुक्त देयता समूह, किसान उत्पादक संगठन और कंपनी अधिनियम की धारा 8 के तहत रजिस्टर्ड कंपनियां भी पात्र हैं.
जरूरी दस्तावेज जो चाहिए
आवेदक को पहचान पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड की जरूरत पड़ेगी . इसके अलावा पोल्ट्री फार्म से जुड़े जरूरी कागजात, फार्म की जमीन की जानकारी और दस्तावेज, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक खाता और स्टेटमेंट की भी जरूरत पड़ेगी.
ऑनलाइन आवेदन कहां और कैसे?
आवेदन राष्ट्रीय पशुधन मिशन पोर्टल www.nlm.udyamimitra.in पर किया जाता है. कोई दस्तावेज फिजिकल जमा करने की जरूरत नहीं है. सभी कागजात ऑनलाइन पोर्टल के जरिए ही जमा होते हैं. NLM में मुर्गी पालन के अलावा भेड़, बकरी, सुअर पालन और डेयरी के लिए भी लोन लिया जा सकता है.










