ताज़ा खबरें:

सोलर इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर: धूप से चलेगा ट्रैक्टर… GoSun ने उतारा 19,995 डॉलर वाला Moonrider 27

Jagat Pal

Follow Us

GoSun Solar Tractor : खेती के लिए अब धूप से चलने वाला ट्रैक्टर आ गया है. अमेरिका की सोलर प्रोडक्ट कंपनी GoSun ने उत्तरी अमेरिकी बाजार में 27 हॉर्सपावर का बैटरी-इलेक्ट्रिक कॉम्पैक्ट ट्रैक्टर ‘Moonrider 27’ लॉन्च किया है, जिसकी कीमत 19,995 डॉलर (तकरीबन 19.13 लाख रुपये) रखी गई है. इसमें 24 kWh का लिथियम आयरन फॉस्फेट बैटरी पैक है और 1,100 वॉट की सोलर कैनोपी ऑप्शनल मिलती है. डिलीवरी 2027 की शुरुआत में होगी.

कंपनी का निशाना छोटे और मंझोले खेत हैं. यह ट्रैक्टर 5 से 50 एकड़ वाले फार्म, अंगूर के बागान और होमस्टेड के लिए बनाया गया है. बुकिंग के लिए 50 डॉलर (तकरीबन 4,785 रुपये) का रिफंडेबल डिपॉजिट रखा गया है.

हाइलाइट्स

  • Moonrider 27 की कीमत 19,995 डॉलर (तकरीबन 19.13 लाख रुपये), डिलीवरी 2027 में शुरू.
  • 24 kWh LFP बैटरी, ऑप्शनल 1,100 वॉट सोलर कैनोपी के साथ.
  • 220 वोल्ट पर 0 से 80% चार्जिंग सिर्फ 2.5 घंटे में.
  • 5 साल का खर्च 500 डॉलर, डीजल ट्रैक्टर पर 15,500 डॉलर.
GoSun Moonrider
GoSun Moonrider में रिमूवेबल सोलर पैनल दिया गया है. Photo: gosun.co

डीजल के मुकाबले खर्च में कितना फर्क?

कंपनी ने पांच साल का ओनरशिप मॉडल जारी किया है, जिसमें Moonrider 27 की तुलना एक डीजल कॉम्पैक्ट ट्रैक्टर से की गई है. फर्क बड़ा दिखाया गया है.

खर्च (5 साल)डीजल ट्रैक्टरMoonrider 27
ईंधन और एनर्जी$8,000$0
ऑयल और फिल्टर चेंज$1,500$0
फिल्टर, बेल्ट, सर्विस$2,500$500
डाउनटाइम और फ्यूल रन$3,500$0
कुल$15,500$500

हालांकि यहां एक जरूरी बात है. ये सारे आंकड़े कंपनी के अपने अनुमान हैं. GoSun ने खुद माना है कि असल बचत इस्तेमाल, ईंधन की कीमत और स्थानीय बिजली दरों के हिसाब से घटती-बढ़ती रहेगी.

चीफ एग्जीक्यूटिव ने क्या कहा

कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव पैट्रिक शेरविन ने पूरा पिच ऑपरेटिंग कॉस्ट पर टिकाया. उन्होंने कहा- “किसानों को अपना फ्यूल खर्च घटाना ही है. GoSun Moonrider सोलर इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर महंगे डीजल ट्रैक्टरों का किफायती विकल्प देता है. इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर ही खेती का भविष्य हैं.”

---विज्ञापन---

दरअसल कंपनी के लिए सोलर कोई नया कारोबार नहीं है. 2016 में शुरुआत के बाद से सिनसिनाटी की यह कंपनी सोलर कुकर, पावर बैंक, पोर्टेबल रेफ्रिजरेटर, वॉटर प्यूरिफिकेशन सिस्टम और EV सोलर चार्जर बना चुकी है.

धूप से चार्जिंग कैसे काम करती है?

कंपनी ने इस ट्रैक्टर में चार्जिंग के दो विकल्प दिए गए हैं. 220 वोल्ट के AC कनेक्शन से बैटरी 0 से 80 फीसदी तक करीब 2.5 घंटे में चार्ज हो जाती है, और यह चार्जर स्टैंडर्ड पैकेज में ही आता है.

दूसरा रास्ता सोलर है. 1,100 वॉट की ऑप्शनल कैनोपी ऑपरेटर सीट के ऊपर लगती है और ट्रैक्टर के चलते वक्त या खड़े रहने पर भी बैटरी चार्ज करती रहती है. GoSun का अनुमान है कि पूरे दिन की धूप से करीब 1.5 घंटे का रनटाइम मिल जाता है.

यानी सोलर पूरी चार्जिंग की जगह नहीं लेता. यह टॉप-अप का काम करता है. बता दें कि फैक्ट्री सोलर ऑप्शन दूसरे इलेक्ट्रिक वर्क व्हीकल्स में भी आ चुका है, जैसे TELO MT1 पिकअप में.

पावर, गियरबॉक्स और लिफ्ट क्षमता

Moonrider 27 फोर-व्हील ड्राइव लेआउट पर बना है और इसमें कॉन्सटेंट-मेश गियरबॉक्स है. इसमें नौ फॉरवर्ड और तीन रिवर्स स्पीड मिलती हैं.

मैकेनिकली एंगेज्ड 540/540E रियर PTO दिया गया है. हाइड्रोलिक थ्री-पॉइंट हिच की लिफ्ट क्षमता 1,653 पाउंड यानी 750 किलो है. कंपनी का दावा है कि इससे किसान अपने पुराने कॉम्पैक्ट ट्रैक्टर इंप्लीमेंट – मोवर, टिलर, ब्लेड, स्प्रेडर और ट्रेलर – बिना किसी अडैप्टर के चला सकते हैं.

खास बात ये है कि यही चीज खर्च का गणित बदलती है. नए औजार खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

साइज और स्मार्ट फीचर्स

आकार के मामले में यह छोटी जगहों के लिए बना है. लंबाई 105.5 इंच (2,680 मिमी) और चौड़ाई 40.9 इंच (1,040 मिमी) है, जबकि व्हीलबेस 62 इंच (1,575 मिमी) का है.

  • ग्राउंड क्लीयरेंस: 10.6 इंच (270 मिमी)
  • टर्निंग रेडियस: 4.6 फीट (1.4 मीटर)
  • कर्ब वेट: 2,414 पाउंड (1,095 किलो)
  • ब्रेकिंग: ऑयल-इमर्स्ड
  • ड्राफ्ट कंट्रोल: दो लीवर वाला ADDC सिस्टम

कनेक्टेड फीचर्स भी जोड़े गए हैं. मोबाइल ऐप एक्सेस, GPS ट्रैकिंग और जियोफेंसिंग इसमें शामिल हैं. संकरे बागानों में 4.6 फीट का टर्निंग रेडियस सबसे बड़ा फायदा साबित हो सकता है.

बुकिंग कैसे होगी और कब मिलेगा

रिजर्वेशन GoSun की वेबसाइट से खुले हैं. 50 डॉलर का रिफंडेबल डिपॉजिट देकर पहली प्रोडक्शन बैच में जगह पक्की की जा सकती है.

कंपनी के मुताबिक बिल्ड तैयार होने पर बाकी रकम चेकआउट के वक्त मंथली फाइनेंसिंग में बांटी जा सकती है. डिलीवरी 2027 की शुरुआत के लिए तय है.

क्या भारत के किसानों के लिए उपलब्ध होगा

यह ट्रैक्टर फिलहाल उत्तरी अमेरिकी बाजार के लिए है. भारत में इसकी उपलब्धता या कीमत को लेकर फिलहाल इस पर आधिकारिक जानकारी नहीं है.

फिर भी दिशा साफ है. इलेक्ट्रिक कॉम्पैक्ट ट्रैक्टर उत्तरी अमेरिका में इस दशक की शुरुआत से मौजूद हैं, जब Solectrac ने अपने 30 और 40 हॉर्सपावर वाले यूटिलिटी मॉडलों के लिए रिजर्वेशन खोले थे. अब सोलर कैनोपी वाला ऑप्शन इस सेगमेंट में नई परत जोड़ रहा है.

अब सवाल ये है कि 2027 की डिलीवरी तक बैटरी की कीमतें कहां पहुंचेंगी और डीजल कितना महंगा होगा. इन्हीं दो आंकड़ों पर तय होगा कि कंपनी का पांच साल वाला बचत मॉडल कागज से जमीन तक कितना उतरता है.

नमस्ते! मैं जगत पाल ई-मंडी रेट्स का संस्थापक, बीते 7 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं। मुझे खेती-किसानी, मंडी भाव की जानकारी में महारथ हासिल है । यह देश का पहला डिजिटल कृषि न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो बीते 7 सालों से निरन्तर किसानों के हितों में कार्य कर रहा है। किसान साथियों ताजा खबरों के लिए आप हमारे साथ जुड़े रहिए। धन्यवाद

WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now